राजनांदगांव, 19 सितंबर 2026। शहर के रेवाडीह फरहद चौक के पास आम रास्ते को बंद कर लगाए गए सीमेंट के दो पोल को नगर निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से हटाकर रास्ता आवागमन के लिए खोल दिया। कार्रवाई नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर की गई।
जानकारी के मुताबिक रेवाडीह फरहद चौक निवासी शिक्षक रामसिंह ने आम रास्ते की सड़क की ऊंचाई करीब दो फीट बढ़ाकर वहां सीमेंट के दो पोल लगा दिए थे। इससे रास्ते से लोगों का आवागमन बाधित हो रहा था। क्षेत्रवासियों की शिकायत के बाद निगम की ओर से संबंधित व्यक्ति को अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी गई थी। अतिक्रमण नहीं हटाने पर नोटिस भी जारी किया गया।
नोटिस के बावजूद आम रास्ते से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद शनिवार को निगम के तकनीकी अधिकारियों और अमले ने पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंचकर JCB की मदद से सीमेंट के पोल और अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के बाद रास्ते को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया।
निगम की टीम ने संबंधित व्यक्ति को दोबारा आम रास्ते पर अतिक्रमण नहीं करने और आवागमन बाधित नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा बनने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सड़क और नालियों पर अतिक्रमण न करने की अपील
नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने नागरिकों और व्यापारियों से शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर के चौक-चौराहों और सड़कों पर पसरा, ठेला या खोमचा लगाकर यातायात बाधित न करें।
उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण होने से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है। वहीं, अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो सकती है। सड़क पर मलमा या अन्य निर्माण सामग्री रखने से भी गंदगी फैलती है।
आयुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि निगम के अतिक्रमण दस्ते की कार्रवाई से पहले स्वयं अतिक्रमण हटा लें। अन्यथा निगम द्वारा बिना सूचना अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के साथ जुर्माना भी वसूला जा सकता है।

Facebook Conversations