न्यूज़ प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर में भव्य होली मिलन समारोह....
भिलाई नगर। न्यूज़ प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह बड़े ही उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। समारोह में शहर के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ पत्रकारों सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में सांसद श्री बघेल ने कहा कि भिलाई केवल एक औद्योगिक नगरी ही नहीं, बल्कि “प्रेम नगरी” के रूप में भी अपनी पहचान रखती है। यहां की सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारा पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का ऐसा सजग और जागरूक वर्ग है जो सच्चाई को सामने लाकर लोकतंत्र को सशक्त बनाता है।
उन्होंने आगे कहा कि “आप सभी मुझे एक जनप्रतिनिधि के साथ-साथ भाई और मित्र के रूप में भी सदैव पायेंगे। वरिष्ठ और कनिष्ठ पत्रकारों के बीच समन्वय एवं एकता ही पत्रकारिता की वास्तविक ताकत है।” होली के पावन अवसर पर उन्होंने सभी को रंगों के इस पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सौहार्द एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक चरण में सांसद श्री बघेल ने मंच पर “मोर संग चलों गा” गीत गाकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। प्रसिद्ध कलाकार लक्ष्मण मस्तुरिया के गीतों की प्रस्तुति ने भी माहौल को रंगारंग बना दिया। वहीं पत्रकार शमशेर द्वारा प्रस्तुत गीत-गज़ल “होली कैसे मनाऊं लाला…” को श्रोताओं ने खूब सराहा। उनके व्यंग्यात्मक अंदाज़ ने कार्यक्रम में हास्य और मनोरंजन का रंग भर दिया।
समारोह के अंत में आपसी सौहार्द के साथ अबीर-गुलाल लगाकर सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का सम्मान कर आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन पत्रकार जगत की एकता, सौहार्द और सांस्कृतिक समन्वय का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।

Facebook Conversations