दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग दुर्ग के तत्वावधान में सेक्टर उतई के ग्राम पंचायत मचांदूर स्थित पटेल सामुदायिक भवन में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक कुमार पांडे, जिला महिला बाल विकास अधिकारी श्री अजय कुमार साहू एवं परियोजना अधिकारी श्रीमती उषा झा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा उतई मंडल अध्यक्ष श्रीमती शीतला ठाकुर उपस्थित रहीं। अध्यक्षता सरपंच श्री युगल किशोर गजपाल ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। पर्यवेक्षक श्रीमती प्रमिला वर्मा ने शासन की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी तथा एनीमिया और कुपोषण से बचाव के उपाय बताए।
कार्यक्रम के दौरान 3 गर्भवती माताओं विशा यदु, नूतन एवं लिलेश्वरी यादव की गोदभराई तथा 3 बच्चों लोशिका, वान्या यदु एवं तनिष्क का अन्नप्राशन संस्कार किया गया। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही कुर्सी दौड़, मटका फोड़, स्वस्थ शिशु और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ।
इस अवसर पर पोषण मटका, पौष्टिक थाली एवं व्यंजन प्रदर्शनी लगाई गई। सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष फलेंद्र सिंह राजपूत द्वारा आंगनबाड़ी बच्चों के लिए पौष्टिक न्योता भोज का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों और शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Facebook Conversations