दुर्ग। पति के इलाज के लिए 20 हजार रुपए उधार लेना एक महिला के लिए मुसीबत बन गया। आरोप है कि रकम देने वाली महिला 30 प्रतिशत साप्ताहिक ब्याज की मांग कर रही थी। एकमुश्त पैसे नहीं दे पाने पर महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में फरार चल रही एक अन्य महिला आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, सुपेला निवासी रेखा तांडी ने 19 सितंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पति के उपचार के लिए पैसों की जरूरत होने पर पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव से 20 हजार रुपए उधार लिए थे। इसके बदले 30 प्रतिशत साप्ताहिक ब्याज मांगा जा रहा था।
आरोप है कि जब रेखा ने अपनी तबीयत खराब होने के कारण पूरी रकम एक साथ लौटाने में असमर्थता जताई, तो पूजा राव अपने बेटे और अन्य साथियों के साथ उन्हें उपचार कराने के बहाने कार में बैठाकर घर ले गई। वहां उनके और बेटे के साथ गाली-गलौच व मारपीट की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर उधार से अधिक रकम वसूलने का प्रयास किया गया।
पहले तीन आरोपी जा चुके हैं जेल
शिकायत के आधार पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पहले ही पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव, चंदन राव और प्रवीण शर्मा को गिरफ्तार कर 20 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
इस मामले में फरार चल रही महिला आरोपी प्रीति तांडी (20 वर्ष) को पुलिस ने तलाश कर 16 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी दुर्ग के रायपुर नाका स्थित उड़िया बस्ती की रहने वाली है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कोरा चेक और दस्तावेज जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थिया का एक कोरा चेक और मामले से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी जरूरतमंद लोगों को अधिक ब्याज पर रकम उधार देकर साप्ताहिक ब्याज वसूलते थे। रकम एकमुश्त नहीं मिलने पर कथित तौर पर दबाव, मारपीट और धमकी के जरिए अधिक पैसे वसूलने का प्रयास किया जाता था।
इस कार्रवाई में भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे सहित प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू और आरक्षक आशीष प्रसाद व अमित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निजी व्यक्तियों से अत्यधिक ब्याज पर रकम उधार लेने से बचें। ब्याज के नाम पर अवैध वसूली, धमकी या मारपीट होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज क

Facebook Conversations