सेवा संकल्प अभियान: कृषि महाविद्यालय कोनी में ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड कार्यक्रम सम्पन्न
बिलासपुर| प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की प्रेरणादायी यात्रा को समर्पित ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड कार्यक्रम का भव्य आयोजन आज कृषि महाविद्यालय कोनी, बिलासपुर के ऑडिटोरियम में किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शाम 5 बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रकाश, संगीत और नृत्य के समन्वय से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई।
संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से गुरतुर लोक सेवा संस्थान द्वारा प्रस्तुत इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के सेवाकाल के प्रमुख पड़ावों - गुजरात भूकंप के दौरान राहत कार्य, कोविड महामारी में कुशल प्रबंधन, आतंकवाद के विरुद्ध सर्जिकल स्ट्राइक, नक्सल उन्मूलन, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति जैसे ऐतिहासिक निर्णयों को कला के माध्यम से जीवंत किया गया। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।
प्रस्तुति में प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में चल रही सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक भी दिखाई गई। एक घंटे तक चली इस प्रस्तुति ने दर्शकों को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायकगण श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Facebook Conversations