कुम्हारी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। वार्ड क्रमांक 04 खपरी रोड स्थित एक मकान 2026 को अचानक आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं।
जानकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण घर के भीतर फंसे लोगों को बचाया नहीं जा सका।
घटना में होमदास वैष्णव (40 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष), चांदनी (17 वर्ष) और एक दो वर्षीय बच्ची गोपिका की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक तरीके से घटना के कारणों का पता लगाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव या किसी अन्य कारण से हुआ है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली और गैस उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें। यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा सबक बनकर सामने आया है, जिसमें एक परिवार पूरी तरह खत्म हो गया।

Facebook Conversations