बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कर्मचारियों से भरी एक बस करहीभदर के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस धमतरी की डीआरडी कंपनी की बताई जा रही है। बस में कंपनी के कई कर्मचारी सवार थे। शनिवार सुबह बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करहीभदर के पास बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव
हादसा इतना गंभीर था कि बस में फंसे शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे की कोशिश के बाद शव को बस से बाहर निकाला जा सका। वहीं घायल यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस 108 की मदद से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
बालोद में हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और मृतक की पहचान समेत दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Facebook Conversations