बाल अधिकार और महिला सुरक्षा को लेकर बालोद के चार शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता शिविर
त्वरित खबरें :भूमिका रिपोर्टिंग

बालोद। बच्चों के अधिकारों, बाल संरक्षण और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के चार शैक्षणिक संस्थानों में जन-जागरूकता शिविर आयोजित किए। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश और जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में ये शिविर ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ के तहत आयोजित किए गए।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू के नेतृत्व में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) दल्लीराजहरा, डौण्डीलोहारा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरजपुरी और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बड़ाजुगेरा तथा डौण्डी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल एवं पूर्व माध्यमिक शाला कोडेकसा में कार्यक्रम हुए।

बाल अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

शिविरों में विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन और बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार से बचाव के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता तथा सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया गया।

वक्ताओं ने मिशन वात्सल्य के तहत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की कार्यप्रणाली और उपयोगिता समझाई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी असुरक्षित, विषम या शोषणकारी परिस्थिति में वे बिना डरे इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बैनर, पोस्टर और प्रचार सामग्री के माध्यम से बच्चों के सुरक्षित वातावरण, उनके सर्वांगीण विकास तथा महिलाओं और बालिकाओं को समान अवसर एवं सम्मान देने का संदेश भी दिया गया।

विभागीय अधिकारियों और शिक्षकों की रही सहभागिता

आईटीआई दल्लीराजहरा में मिशन वात्सल्य की मास्टर ट्रेनर मोना रावत, सामाजिक कार्यकर्ता रंतिका रात्रे, चाइल्ड हेल्पलाइन से नेहा चंद्राकर, ओआरडब्ल्यू गुणवती और प्रभारी प्राचार्य के.के. दुबे सहित संस्था के स्टाफ एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरजपुरी में संरक्षण अधिकारी देवेंद्र देशमुख, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल सिन्हा, चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक वेदप्रकाश साहू, प्राचार्य नन्दलाल निकेश्वर, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए।

इसी तरह कोडेकसा में मोना रावत, रंतिका रात्रे, गुणवती और नेहा चंद्राकर सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। बड़ाजुगेरा में देवेंद्र देशमुख, अनिल सिन्हा, वेदप्रकाश साहू, प्राचार्य ढालसिंह कुंजाम सहित स्कूल स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सभी संस्थानों में संस्था प्रमुखों के प्रेरक संबोधन के साथ शिविरों का समापन हुआ।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations