राजनांदगांव। दीपावली के पर्व पर जरूरतमंद परिवारों के घरों में खुशियां पहुंचाने के उद्देश्य से श्री योग वेदांत सेवा समिति द्वारा व्यापक सेवा अभियान चलाया गया। पूज्य संत श्री आशारामजी बापू की प्रेरणा से आयोजित इस अभियान के तहत राजनांदगांव सहित विभिन्न वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों के 775 जरूरतमंद परिवारों को जीवनोपयोगी सामग्री वितरित की गई। इस दौरान भंडारे का आयोजन कर लोगों को भोजन भी कराया गया।
समिति के अध्यक्ष रोहित चंद्राकर और कोषाध्यक्ष टीके चंद्राकर ने बताया कि सेवा अभियान के अंतर्गत मोहारा स्थित आशारामजी आश्रम, खैरागढ़ के भोथली भुजारी जंगल, छुरिया के आदिवासी वनांचल, डोंगरगढ़ के शनिमंदिर प्रांगण और मोहला के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में सेवाधारियों ने पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों की सहायता की।
राशन से लेकर कपड़े और घरेलू उपयोग की सामग्री बांटी
अभियान के दौरान जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री, बच्चों के कपड़े, साड़ियां, सलवार-सूट, पैंट-शर्ट, चप्पल, कंबल और मिठाई वितरित की गई। इसके अलावा बाल्टी, टब, लॉकेट, तेल, दीपक और कैलेंडर सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं भी प्रदान की गईं। सामग्री मिलने पर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
भंडारे के साथ दिया सुखी जीवन का संदेश
समिति के पदाधिकारियों लेखराम साहू, संजय साहू, प्रवीण चक्रधारी, टीआर साहू और दिलीप सिन्हा ने बताया कि समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्रों में सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, गुरुवंदना, भगवन्नाम संकीर्तन और देवमानव हास्य प्रयोग के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को स्वस्थ, सुखी और सम्मानित जीवन जीने तथा विपरीत परिस्थितियों में भी समभाव बनाए रखने का संदेश दिया गया। इसके बाद सभी को पंक्तिबद्ध बैठाकर भोजन कराया गया और परिवारों को सामग्री वितरित की गई।
कई क्षेत्रों के सेवाधारियों ने दिया सहयोग
इस सेवा अभियान में महेश रायचा, अजय भाई, एरिना चंद्रवंशी, रेखा बहन, चंद्रप्रभा साहू, वीरेंद्र साहू, भोजेस्वर साहू, कुशलाल देशमुख, खेमचंद निषाद और प्रदीप दीक्षित सहित खैरागढ़, छुरिया, मोहला, डोंगरगढ़, चौकी, गंडई और डोंगरगांव की समितियों के पदाधिकारियों एवं सेवाधारियों का विशेष सहयोग रहा।


Facebook Conversations