रायपुर में बैडमिंटन खेलते समय कारोबारी को दिल का दौरा, मौके पर हुई मौत
त्वरित ख़बरें : ज़ाफ़रान खान रिपोर्टिंग

रायपुर में बैडमिंटन खेलते समय एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां हार्टवेयर कारोबारी अमृत बजाज (57) की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वे खेल के दौरान शॉट मारने के बाद शटल कॉक उठाने झुके ही थे कि अचानक जमीन पर गिर पड़े। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मृतक की पहचान ईदगाह भाठा निवासी अमृत बजाज के रूप में हुई है, जो शुगर के मरीज बताए जा रहे हैं। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड की है। उनका अंतिम संस्कार 16 फरवरी को मरवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया। इस घटना से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है। 

परिजनों के अनुसार, अमृत बजाज सोमवार सुबह अपनी रोज़ की दिनचर्या के तहत दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलने गए थे। खेल के दौरान अचानक वे कोर्ट पर गिर पड़े। साथ खेल रहे मित्र तुरंत उनके पास पहुंचे तो वे अचेत अवस्था में मिले। बिना देर किए उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार ने बताया कि बैडमिंटन और क्रिकेट खेलना उनकी दैनिक आदत में शामिल था और वे नियमित रूप से सुबह दोस्तों के साथ मैदान जाते थे। 16 फरवरी को भी वे सामान्य रूप से खेल के लिए निकले थे। घटना की जानकारी दोस्तों ने फोन पर परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार को इस दुखद हादसे का पता चला। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार और मित्रों में गहरा शोक व्याप्त है। 

YOUR REACTION?

Facebook Conversations