दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 1.60 लाख रुपये की चोरी करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी अजय धनकर (19) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम डुण्डेरा के कचरू नगर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे 16 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस मामले में पहले ही अन्य आरोपियों और दो अपचारी बालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी सदीश कुमार ने थाना उतई में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई आनंदु सुकुमारन का मकान कचरू नगर में सरस्वती मंच के पास स्थित है। मकान मालिक विदेश में रहते हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां नहीं रहते थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने 7 और 8 अक्टूबर की दरम्यानी रात मकान को निशाना बनाया।
आरोपियों ने मकान के पीछे स्थित किचन का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, घरेलू सामान, सोने-चांदी के आभूषण और जरूरी दस्तावेज समेत करीब 1.60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पहले तीन वयस्क आरोपियों और दो अपचारी बालकों को पकड़ा गया। चोरी का सामान खरीदने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
बंद मकानों की रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऐसे मकानों की पहले रेकी करते थे, जो लंबे समय से बंद रहते थे। इसके बाद रात में मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसते और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के सामान को अलग-अलग लोगों को बेचकर मिली रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार, पूर्व की कार्रवाई में चोरी का बचा हुआ सामान और बिक्री से मिले 58,500 रुपये दुरपत धनकर के घर से बरामद किए गए थे। अब फरार आरोपी अजय धनकर की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की गई है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने पर पड़ोसियों और संबंधित थाने को इसकी जानकारी दें। घर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Facebook Conversations