मुंबई में डराता कोरोना:शहर के अस्पतालों में 4 दिन में 15% ज्यादा मरीज एडमिट,
त्वरित ख़बरें - 20 हजार केस हुए तो लगेगा लॉकडाउन

कोरोना की तीसरी लहर की आहट के बीच मुंबई में संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। शहर के अस्पतालों में भर्ती होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 4 दिनों के दौरान हॉस्पिटल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में 15% बढ़ गई है।

मुंबई के लगभग सभी कोविड सेंटर्स में बेड की संख्या बढ़ाई जा रही है। वहीं, प्राइवेट हॉस्पिटल्स ने नॉन-कोविड वार्ड्स को कोरोना वार्ड में बदलने का काम शुरू कर दिया है। BMC के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ अस्पतालों में ICU में एडमिट होने वाले मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। भर्ती हुए मरीजों में कई लोगों में ऑक्सीजन लेवल भी गिरने की जानकारी मिली है।

हर दिन 20 हजार से ज्यादा केस मिले, तो लॉकडाउन

मुंबई में संक्रमण की बढ़ते खतरे को देखते हुए मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि शहर में ओमिक्रॉन के मामलों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। अगर कोरोना मरीजों की संख्या 20,000 से ज्यादा होती है तो मुंबई में केंद्र के नियमानुसार लॉकडाउन लगा दिया जाएगा। मुंबई के नगर आयुक्त इकबाल चहल ने कहा कि हम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। नियम के अनुसार आने वाले समय में एक्शन लिया जाएगा।

3,735 मरीज मौजूदा समय में हॉस्पिटल में एडमिट
सोमवार तक के आंकड़ों से पता चला है कि BMC के अधीन आने वाले 30,565 कोविड बेड में से 12.2% (3,735) पर मरीज एडमिट हैं। 2,720 ICU बेड में से 14% भरे हुए हैं। वहीं, प्राइवेट हॉस्पिटल के 5,192 कोविड बेड में से 838 (16%) जनरल बेड और 180 (3%) ICU बेड पर मरीज एडमिट हैं। शहर में पिछले दो सप्ताह से मामलों में वृद्धि देखी जा रही है और गंभीर मामलों में वृद्धि आमतौर पर दूसरे या तीसरे सप्ताह से देखी जाती है।

42% फुल हुआ नेस्को जंबो कोविड सेंटर
गोरेगांव के नेस्को जंबो कोविड केयर सेंटर में 26 दिसंबर को सात मरीज भर्ती हुए थे। अब यह संख्या बढ़कर 120 से ज्यादा हो गई है। सोमवार दोपहर तक यहां मौजूद 1,172 बेड में से 510(42%) बेड पर मरीज एडमिट थे। डीन डॉ नीलम एंड्राडे ने कहा कि वे 10 जनवरी तक सभी 2,738 बिस्तरों को सक्रिय करने की योजना बना रहे हैं और हर दिन स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती कर रहे हैं।

ICU में एक सप्ताह पहले तक चार से पांच मरीज एडमिट हो रहे थे, अब यह संख्या बढ़ कर 20 हो गई है। ICU में एडमिट मरीजों में ऑक्सीजन लेवल कम मिल रहा है, लेकिन कोई भी मैकेनिकल वेंटीलेटर सपोर्ट पर नहीं है। यहां अधिकांश वे ही लोग आ रहे हैं, जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है।

मुंबई के अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखकर कई कोविड सेंटर्स में नए ICU सेंटर शुरू किए गए हैं।

मुंबई के अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखकर कई कोविड सेंटर्स में नए ICU सेंटर शुरू किए गए हैं।

BKC के जंबो सेंटर में एक दिन में 100 मरीज एडमिट
रविवार को खुले BKC के जंबो सेंटर में 100 से ज्यादा दाखिले हैं। डीन डॉ राजेश डेरे ने कहा कि इसमें पॉजिटिव लोगों के साथ-साथ संक्रमित हुए एसिमटोमेटिक अंतरराष्ट्रीय यात्री भी शामिल हैं। केंद्र सरकार ने एक एजेंसी को जल्द ही यहां ICU शुरू करने की जिम्मेदारी दी है।

9 महीने बाद मिले सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज
मुंबई में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 8,082 नए मामले सामने आए जो 18 अप्रैल 2021 के बाद किसी एक दिन का सर्वाधिक स्तर है। इस दौरान बीमारी के कारण दो और मरीजों की मौत हो गई है। इसी दौरान ओमिक्रॉन के 40 नए मामले सामने आए हैं, जिससे महानगर में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या बढ़कर 368 हो गई है।

BMC के मुताबिक, अब शहर में 8,07,602 कोरोना संक्रमित हैं। वहीं, मृतकों की संख्या बढ़कर 16,379 हो गई है। 8,082 नए मामलों में से 7,273 (90%) में बीमारी के लक्षण नहीं थे और केवल 574 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि 71 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations