माया नगर में खूनी विवाद: छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर फावड़ा मारा, मौत
त्वरित ख़बरें:अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई,  नगर थाना क्षेत्र के माया नगर इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां छोटे भाई ने बड़े भाई की फावड़ा मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी झगड़े में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है। माया नगर निवासी मनोज यादव और उसके बड़े भाई अशोक यादव के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन गुस्से में आरोपी मनोज ने पास में रखा फावड़ा उठाकर अशोक पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने फावड़े से अशोक के सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार किया। हमला इतना गंभीर था कि अशोक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हंगामा और चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत घायल की हालत देखकर 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अशोक को इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे रायपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अशोक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फावड़ा जब्त कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों भाइयों के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे। हालांकि इस बार झगड़ा इतना बढ़ जाएगा, किसी ने सोचा नहीं था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पड़ोसियों का कहना है कि मामूली विवाद में इस तरह की घटना बेहद दुखद है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के बढ़ते हिंसक रूप को सामने ला दिया है

YOUR REACTION?

Facebook Conversations