कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत जीतकर लौटीं ज्ञानेश्वरी यादव का राजनांदगांव में होगा भव्य स्वागत, निकलेगी बाइक रैली
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत, छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव का नाम रोशन किया है। उन्होंने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम सहित कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर यह उपलब्धि हासिल की।

ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदस्थ हैं। वर्ष 2022 में ग्रीस में आयोजित जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें पुलिस विभाग में एएसआई पद प्रदान किया था। उनके प्रशिक्षक अजय लोहार को भी उस समय पांच लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई थी।

जय भवानी व्यायामशाला के संरक्षक अजय श्रीवास्तव और अध्यक्ष अमित आजमानी ने बताया कि ज्ञानेश्वरी यादव ने वेटलिफ्टिंग की प्रारंभिक ट्रेनिंग राजनांदगांव की जय भवानी व्यायामशाला से प्राप्त की थी। वर्तमान में वह कौरिनभाठा में निवासरत हैं।

ज्ञानेश्वरी यादव के सम्मान में 4 अगस्त को राजनांदगांव में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे गौरव पथ स्थित ऑडिटोरियम में समारोह होगा। इससे पहले गायत्री मंदिर चौक (दिल्ली दरवाजा) से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाइक रैली निकाली जाएगी। जय भवानी व्यायामशाला में पूजा-अर्चना के बाद रैली गौरव पथ ऑडिटोरियम पहुंचेगी, जहां उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।

आयोजकों ने शहर के सभी खेल संघों, सामाजिक संस्थाओं, महिला मंडलों एवं खेल प्रेमियों से समारोह में शामिल होकर खिलाड़ी और उनके कोच का उत्साहवर्धन करने की अपील की है, ताकि उन्हें भविष्य में ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिल सके।

जिला वेटलिफ्टिंग संघ के सचिव अशोक श्रीवास ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, खेल एवं व्यावसायिक संगठनों के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations