रायपुर से 8 राज्यों में बच्चों की खरीद-बिक्री का आरोप, दिवाकर अस्पताल में 3 डिलीवरी पर बने 26 फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट
त्वरित खबरें : पायल रिपोर्टिंग

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले ने सनसनी फैला दी है। गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल जांच के घेरे में है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अस्पताल में केवल 3 बच्चों की डिलीवरी दर्ज होने के बावजूद 26 जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए। मामले में डॉ. सिंधु समेत 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को मुफ्त इलाज और प्रसव का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री का सौदा किया जाता था।

जांच में बच्चों को 8 राज्यों तक बेचे जाने की आशंका सामने आई है। पुलिस फर्जी जन्म प्रमाण पत्रों और अस्पताल के दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही बच्चों को किन लोगों को सौंपा गया और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

मामले का खुलासा ओडिशा की एक महिला की शिकायत के बाद हुआ। महिला ने आरोप लगाया था कि प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने का दबाव बनाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations