दुर्ग साइबर पुलिस की बड़ी सफलता: ₹1.60 करोड़ की ठगी का खुलासा, दिल्ली से 3 आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, रेंज साइबर थाना पुलिस ने बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा देकर करीब ₹1.60 करोड़ की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 6 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक और कई सिम कार्ड जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन और विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर पीड़ित को बीमा पॉलिसी का रिफंड दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद विभिन्न बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराकर कुल ₹1 करोड़ 60 लाख की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया। मामले में पहले एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया जा चुका था। उसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और मनमीत सिंह (42), ईशांत माहे उर्फ ईशु (37) तथा अमनदीप सिंह (33) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसों के लालच में बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगी करने वाले गिरोह को उपलब्ध कराया था। जांच में यह भी सामने आया कि इन बैंक खातों का उपयोग एक विदेशी (नाइजीरियन) साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था। तीनों आरोपियों को दिल्ली के तीस हजारी न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दुर्ग लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बीमा पॉलिसी रिफंड, केवाईसी अपडेट, निवेश या किसी भी ऑनलाइन भुगतान से जुड़े कॉल और संदेशों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर निकटतम साइबर थाना से संपर्क करें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations