दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्मृति नगर चौकी पुलिस ने वर्चस्व और पुरानी रंजिश के चलते हुए हत्या के प्रयास के मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले का मुख्य आरोपी लक्की सरदार अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता शीतल वर्मा (22 वर्ष), निवासी पीएम आवास खम्हरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जुलाई को आरोपी परी खान के साथ लक्की सरदार को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसी विवाद से नाराज होकर परी खान ने अपने पति लक्की सरदार, बहन मुस्कान और जीजा राहुल यादव के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
शिकायत के मुताबिक 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे सभी आरोपी ज्वलनशील पदार्थ लेकर पीड़िता के घर पहुंचे। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर उसके ऊपर और घर में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाकर हत्या करने का प्रयास किया। हालांकि पीड़िता किसी तरह वहां से भागने में सफल रही और अपनी जान बचा ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नागपुर भागने की फिराक में हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने परी खान, मुस्कान और राहुल यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में लक्की सरदार के खिलाफ दर्ज शिकायत से नाराज होकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे वर्चस्व स्थापित करने और पुरानी रंजिश मुख्य कारण रही। मामले में मुख्य आरोपी लक्की सरदार की तलाश जारी है तथा प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करने और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Facebook Conversations