दुर्ग, जिले के सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी पुलिस ने मालिक के घर में विश्वास का दुरुपयोग कर चोरी करने वाली केयरटेकर और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी, दो मोबाइल फोन सहित कुल 43,500 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध माता की देखभाल के लिए ममता चौहान पिछले करीब दो वर्षों से केयरटेकर के रूप में कार्यरत थी। 26 और 27 जून को घर में विवाह समारोह होने के कारण परिवार के सभी सदस्य व्यस्त थे। इसी दौरान ममता ने मौका पाकर अलमारी में रखी नगदी चोरी कर ली और बिना किसी सूचना के घर छोड़कर फरार हो गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी महिला की लोकेशन ट्रेस कर उसे उसके प्रेमी शीतल वर्मा के साथ रायपुर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में ममता चौहान ने स्वीकार किया कि उसके प्रेमी ने पैसों की जरूरत बताकर उसे चोरी के लिए उकसाया था। इसके बाद उसने घर से नगदी चुरा ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 23,500 रुपये की नगदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 43,500 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू सहायकों और केयरटेकर का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।

Facebook Conversations