दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में उत्साहपूर्ण एवं संगठनात्मक माहौल में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चन्द्राकर की उपस्थिति में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की मुख्य अतिथि महिला मोर्चा दुर्ग प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश सह कार्यालय मंत्री तिलेश्वरी धुरंधर रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री कुमुद बघेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य योगिता सिन्हा, सरिता मिश्रा, माया बेलचंदन एवं ममता देवांगन मौजूद रहीं। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक में महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन किया गया। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि तिलेश्वरी धुरंधर ने कहा कि महिला शक्ति भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और सेवा, समर्पण व संगठन के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा ने हमेशा संगठन को नई ऊर्जा दी है और आने वाले समय में बूथ स्तर तक पार्टी की योजनाओं एवं उपलब्धियों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चन्द्राकर ने कहा कि महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने, महिलाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने तथा समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री ममता राव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महामंत्री भारती साहू ने किया। बैठक में महिला मोर्चा की जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नोट: इस समाचार में किसी रिपोर्टर का नाम शामिल नहीं है।

Facebook Conversations