राजनांदगांव। कोरोना के फिर से बढ़ते खतरे के बीच जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। कोविड के नए वैरिएंट बीएफ-7 की संभावित स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में तैयारी शुरू की गई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा छूटे हुए लोगों से कोरोना टीका लगवाने, मॉस्क लगाने, हाथों को सैनेटाइज करने तथा दो गज की दूरी जैसे कोविड अनुरूप व्यवहार का अनिवार्यतः पालन करने की अपील की जा रही है।
इस संबंध में जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसआर मंडावी ने बतायाः केंद्र व राज्य शासन द्वारा कोरोना की संभावित अगली लहर को नियंत्रित करने के लिए गाइडलाइन जारी किए गए हैं। इसके अनुरूप कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ-7 ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने देश के सभी राज्यों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार इससे निपटने की रणनीति बना रही है। वहीं मोहला-मानपुर-चौकी जिले में भी स्वास्थ्य अमला सतर्क हो गया है। आने वाले दिनों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनजागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। कोविड नियंत्रण के लिए जिले में तैयारी पूरी कर ली गई है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
जनजागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू होगा अभियान
जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ वर्तमान में शून्यता की स्थिति पर है, लेकिन नए वैरिएंट को लेकर सतर्कता बरतने को लेकर अपील की जा रही है। इसी कड़ी में जनजागरूकता अभियान में लोगों को मास्क लगाने, समय-समय पर हाथ धोने व सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। कोराना टीकाकरण पर जोर देते हुए सीएमएचओ ने कहा है, कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए व्यापक टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा जिसमें छूटे हुए लोगों को टीका लगाया जाएगा, ताकि गंभीर बीमारी से बचा जा सके। वहीं सर्दी, खांसी, बुखार को हल्के में न लें। लक्षण दिखते ही जांच कराएं और डॉक्टर के निर्देशों का पालन करें।

Facebook Conversations