भिलाई की प्रतिभा बंसोड़ ने रचा इतिहास: SECR की पहली महिला लोको पायलट, 3 बार उद्घाटन ट्रेन चलाने का मिला गौरव...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

भिलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन की महिला लोको पायलट प्रतिभा बंसोड़ ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह जोन की पहली ऐसी महिला लोको पायलट बन गई हैं, जिन्हें तीन अलग-अलग अवसरों पर नई ट्रेनों के उद्घाटन के दौरान पहली बार ट्रेन चलाने का गौरव मिला है। इस बार उन्होंने रावघाट स्टेशन से उद्घाटित ट्रेन को दुर्ग की ओर रवाना किया।

प्रतिभा का यह सफर संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास की मिसाल है। उन्होंने पहली बार 1 फरवरी 2016 को गुदुम से, दूसरी बार 14 अप्रैल 2018 को भानुप्रतापपुर से और अब तीसरी बार रावघाट से उद्घाटित ट्रेन का सफल संचालन किया।

रावघाट स्टेशन पर दोपहर 3:01 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर से और सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम स्थल से हरी झंडी दिखाई। इसके बाद प्रतिभा ने हॉर्न बजाकर ट्रेन को दुर्ग की ओर रवाना किया। इस दौरान उनके साथ सहायक लोको पायलट मनोज बंड भी मौजूद रहे।

प्रतिभा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में जब उन्होंने पहली बार गुदुम से ट्रेन चलाई थी, तब यह क्षेत्र पूरी तरह नक्सल प्रभावित था। शुरुआत में मन में थोड़ी दुविधा थी, लेकिन प्रशिक्षण, सुरक्षा बलों की मौजूदगी और अधिकारियों के भरोसे ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया।

14 अप्रैल 2018 को भानुप्रतापपुर से ट्रेन संचालन भी ऐतिहासिक रहा, क्योंकि उस दिन स्टेशन मास्टर से लेकर गार्ड, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और टिकट निरीक्षक तक सभी जिम्मेदारियां महिलाओं ने संभाली थीं।

प्रतिभा ने रावघाट से ट्रेन चलाने का अवसर मिलने पर अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उनकी यह उपलब्धि रेलवे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनके कौशल, साहस व समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations