भिलाई में तेज रफ्तार कार का कहर: 15 वर्षीय किशोर समेत 2 की मौत, एक युवक गंभीर
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई ,के चंद्रा-मौर्या चौक पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़े दोपहिया वाहनों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार दोपहर करीब पौने 3 बजे की है। चंद्रा-मौर्या चौक पर रेड सिग्नल होने के कारण पावर हाउस की ओर जाने वाले दोपहिया वाहन सवार लोग सिग्नल खुलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार क्रमांक सीजी 07 बीआर 0571 वहां पहुंची और पीछे से दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर उछलकर दूर जा गिरे।

हादसे में रायपुर निवासी मनोहर कुमार (35 वर्ष), नूर खान (15 वर्ष) और सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद नूर खान और मनोहर कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सलीम की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और कार चालक सागर जायसवाल वाहन के अंदर फंस गया था। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपी चालक सागर जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार काफी तेज होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं। इसके लिए आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ती लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने की घटनाओं के कारण सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। वहीं पुलिस ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन न चलाएं, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations