भिलाई में छोटे कमरों में चल रही कोचिंग: सैकड़ों छात्रों की सुरक्षा खतरे में, अब तक 8 सेंटर सील
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई ,में संचालित कई कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान पाया गया कि कई कोचिंग सेंटर छोटे-छोटे कमरों में बड़ी संख्या में छात्रों को पढ़ा रहे हैं। कई संस्थानों में आने-जाने के लिए केवल एक ही रास्ता है, जो किसी भी आपात स्थिति में छात्रों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

प्रशासनिक टीम और संबंधित विभागों द्वारा किए गए निरीक्षण में अब तक 8 कोचिंग सेंटरों को सील किया जा चुका है। इन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सभी कोचिंग संस्थानों की चरणबद्ध तरीके से जांच की जा रही है। जिन संस्थानों में नियमों का उल्लंघन मिलेगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान कई जगह फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) का अभाव और संकरे कमरों में क्षमता से अधिक छात्रों के बैठने जैसी खामियां भी सामने आईं। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी कोचिंग संस्थानों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। सुरक्षा व्यवस्था पूरी नहीं करने वाले संस्थानों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का प्रवेश ऐसे संस्थानों में ही कराएं, जहां सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया जाता हो।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations