दुर्ग,पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर सेल और पुलिस टीम द्वारा इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में ऐसे चिन्हित अकाउंट्स की जांच करते हुए कुल छह व्यक्तियों को तलब किया गया, जिनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर विवादित और भड़काऊ वीडियो पोस्ट किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान तलब किए गए छह व्यक्तियों में से चार नाबालिग पाए गए। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर आपत्तिजनक पोस्ट तत्काल हटवाई। इसके साथ ही नाबालिगों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें सख्त समझाइश दी गई कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने अभिभावकों को सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी, सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्परिणामों की जानकारी भी दी। नाबालिगों की सामाजिक पृष्ठभूमि से संबंधित प्रपत्र भरवाए गए हैं और उन्हें आगे काउंसलिंग के लिए भेजा जा रहा है।
काउंसलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर साझा की गई एक भड़काऊ पोस्ट भी समाज में तनाव, विवाद और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा कर सकती है। नाबालिगों और उनके परिजनों ने भविष्य में ऐसी किसी भी सामग्री को साझा या प्रसारित नहीं करने का आश्वासन दिया है।
वहीं दो अन्य वयस्क व्यक्तियों के मोबाइल फोन की जांच में भी आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री मिली। पुलिस ने संबंधित पोस्ट हटवाकर उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी और उनके खिलाफ थाना छावनी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स में स्वयं को ‘किंग’, ‘डॉन’ और ‘गैंगस्टर’ जैसी आपराधिक छवि वाले नामों से प्रस्तुत कर हथियारों, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो और पोस्ट साझा किए जा रहे थे। ऐसे अकाउंट्स को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम जनता और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि लड़ाई-झगड़े, मारपीट, गाली-गलौज, गुंडागर्दी, नशाखोरी, हथियारों के प्रदर्शन तथा धार्मिक या सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में दो वयस्क आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह (23 वर्ष), निवासी सेक्टर-11 थाना छावनी तथा दुर्गेश सोनी (21 वर्ष), निवासी प्रगतिनगर कैंप-1 थाना छावनी के रूप में हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Facebook Conversations