स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. अपनी चतुराई भरी गेंदबाजी से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छकाने वाले चहल ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने सात वर्ष पूरे कर लिए. उन्होंने आज ही के दिन सात वर्ष पहले अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. इस मौके पर उन्होंने एक पोस्ट शेयर की.
चहल ने लिखा कि सात वर्ष पहले मुझे भारत के लिए गेंदबाजी करने के लिए माही भाई (महेंद्र सिंह धोनी) से पहली कैप मिली थी. तब से मेरा जीवन मेरी प्रतिभा तथा अपनी टीम और प्रशंसकों के लिए इसे जीतने की भावना के साथ भारत को गौरवान्वित करने की यात्रा के अलावा और कुछ नहीं रहा है.
चहल ने लिखा कि भाग्यशाली हूं कि आज तक अपने मेंटर्स (माही भाई, विराट कोहली और रोहित शर्मा) की प्रेरणा के साथ खेला हूं. उन्होंने लिखा कि मैंने हमेशा अपने लक्ष्यों की पूर्ति के लिए काम किया है और आगे भी करता रहूंगा. हमारे पास तोड़ने के लिए और भी रिकॉर्ड हैं, इसलिए अपने दिल में बहुत गर्व और सम्मान के साथ मैं ईश्वर, अपने गुरुओं और साथियों का आभारी हूं. आज का दिन विशेष है, आगे कई और खास दिनों का इंतजार है.
चहल ने 11 जून 2016 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में वनडे डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक 72 वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है. इस दौरान चहल ने 27.13 की औसत और 5.26 की इकॉनमी से 121 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा चहल ने 75 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 91 विकेट अपने नाम हासिल किए हैं. बता दें कि, चहल को अब तक भारत के लिए टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला है. उन्हें उम्मीद होगी कि आने वाले समय में क्रिकेट के पारंपरिक प्रारूप में भारत के लिए डेब्यू करने का मौका मिलेगा

Facebook Conversations