"आपके द्वार आयुष्मान" अभियान फिर शुरू, 31 तक बनवा सकेंगे कार्ड !!
त्वरित ख़बरें:-प्रतिवर्ष मिलेगी 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा सहायता..............

कबीरधाम, 9 अगस्त 2021:                आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं डॉ. खूबचद स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ देने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले में "आपके द्वार आयुष्मान" अभियान को पुनः प्रारंभ करते हुए इसे 31 अगस्त तक विस्तार किया गया है । इस दौरान ऐसे हितग्राही जिन्होंने अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है, वह अपना राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाईल नंबर के साथ अपने नजदीकी च्वॉईस सेंटर पर जाकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकेंगे। हितग्राही को आयुष्मान कार्ड निशुल्क प्रदान किया जाएगा।

बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा देते हुए केंद्र एवं राज्य शासन के द्वारा जिले में "आपके द्वार आयुष्मान" अभियान 30 अप्रैल तक संचालित किया गया था लेकिन कोविड -19 के प्रसार को देखते हुए जनसुरक्षा की दृष्टि से इस कार्य को स्थगित किया गया था। इस अभियान को अब पुनः प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा निर्देशन में अभियान को लगातार गति दी जा रही है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके मंडल ने बताया, "आपके द्वार आयुष्मान" अभियान को पुनः प्रारंभ करते हुए 31 अगस्त 2021 तक इसका विस्तार किया गया है। इस विषय में संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राज्य नोडल एंजेसी द्वारा जिले को निर्देश भी प्राप्त हो चुके हैं। अभियान के अंतर्गत ऐसे हितग्राही जिन्होंने अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है, वह अपना राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के साथ जाकर अपने क्षेत्र के च्वॉईस सेंटरों में आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इससे हितग्राही आपातकालीन एवं आवश्यकता के आधार पर पंजीकृत शासकीय अथवा निजी चिकित्सालय में भर्ती होकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। जिन पात्र हितग्राहियों ने पूर्व में विभिन्न च्वॉईस सेंटरों में अपना पंजीयन कराया है, वह उसी च्वॉईस सेंटर से अपना राशन कार्ड , आधार कार्ड एवं च्वॉईस सेंटर द्वारा हितग्राही को भेजे गए मैसेज दिखाकर निशुल्क प्लास्टिक ( पीवीसी) आयुष्मान कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत पात्रतानुसार प्राथमिकता एवं अंत्योदय वाले राशनकार्डधारी परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक चिकित्सा सहायता एवं अन्य राशनकार्डधारी परिवारों को 50,000 रुपये तक की चिकित्सा सहायता राज्य के किसी भी पंजीकृत निजी एवं शासकीय चिकित्सालय में प्रदान की जाती है”। सीएमएचओ ने हितग्राहियों से अपील की है, “कोविड -19 नियमों का पालन करते हुए अपने संबंधित क्षेत्र के च्चॉईस सेंटरों में जाकर आयुष्मान कार्ड 31 अगस्त तक जरूर बनवाएं”।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations