27 मई 2022

जांजगीर-चांपा. आम तोड़ने जा रहे बच्चों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया. दो मासूमों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगने के बाद दोनों बच्चे करीब 10 फीट दूर जा गिरे. घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जाम लगा दिया. घटनास्थल से करीब 6 किमी दूर जाकर चालक और अंदर बैठे लोग कार छोड़कर भाग निकले. जानकारी के मुताबिक चांपा क्षेत्र के ग्राम महुदा में सबरिया डेरा निवासी मनोज गोंड़ (10) और राजू गोंड़ (9) गोंड आज शुक्रवार सुबह जांजगीर-कोरबा रोड पर आम तोड़ने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान चांपा से कोरबा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उच्चभट्टी गांव के पास दोनों बच्चों को टक्कर मार दी. दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में कार का बोनट भी अंदर दब गया और नंबर प्लेट भी टूटकर वहीं गिर गई. घटना का पता चलते ही डेरे के सारे लोग सड़क पर एकत्र हो गए. उन्होंने जांजगीर-कोरबा रोड पर जाम लगा दिया. सूचना पर चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को मनाने के लिए प्रशासनिक अफसर भी पहुंच गए. काफी समझाइश के बाद डेरे के लोग माने और करीब एक घंटे बाद जाम खत्म किया.

Facebook Conversations