रायपुर। लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आज राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
इस वर्ष प्रदेश के 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि 4 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने वर्ष 2026-27 के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की भी घोषणा की।
AI सहायक बने, नियंत्रक नहीं - राज्यपाल
मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में शिक्षक की भूमिका व्यापक हो रही है। AI के दौर में तकनीक का विवेकपूर्ण और मानवीय मूल्यों के अनुरूप उपयोग जरूरी है। उन्होंने कहा, "AI हमारा सहायक बने, हमारा नियंत्रक नहीं।"
राज्यपाल ने कहा कि गूगल और डिजिटल तकनीक से सूचनाओं का भंडार है, लेकिन संस्कार, संवेदना, अनुशासन और जीवन की दिशा गुरु से ही मिलती है। इसलिए बदलते समय में शिक्षक की भूमिका पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है।
एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं - मुख्यमंत्री
समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक वास्तव में राष्ट्र और नई पीढ़ी के निर्माता हैं।
उन्होंने कहा कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में अब एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। सरकार ने पिछले ढाई साल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू कर शिक्षा को संस्कार, कौशल और रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में बच्चों को स्थानीय बोली में प्रारंभिक शिक्षा दी जा रही है, 341 स्कूलों को पीएम श्री योजना में चुना गया है और 150 स्कूल स्वामी विवेकानंद के नाम पर शुरू किए जा रहे हैं। बस्तर के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।
चार शिक्षकों को मिला स्मृति पुरस्कार
समारोह में चार शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार दिए गए -
डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार - राजेश कुमार प्रजापति, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार - कामता प्रसाद जायसवाल, कोरबा
डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार -प्रज्ञा सिंह, दुर्ग
गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार - प्रियंका गोस्वामी, सारंगढ़-बिलाईगढ़
समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश में AI आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभागीय अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

Facebook Conversations