राजनांदगांव। शहर के लखोली क्षेत्र में विजयादशमी पर दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। युवा संगठन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन आकर्षक आतिशबाजी के बीच होगा। भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
युवा संगठन के अध्यक्ष फिरोज मेमन के अनुसार, महोत्सव की शुरुआत शाम 5 बजे मां शीतला मंदिर प्रांगण से भगवान श्रीरामचंद्र की शोभायात्रा के साथ होगी। शोभायात्रा लखोली के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्कूल मैदान पहुंचेगी, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान लोक सुधा कवर्धा के कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
लखोली में दशहरा महोत्सव पिछले 18 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम में लखोली के पांचों वार्डों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को सफल बनाने के लिए युवा संगठन के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
युवा संगठन के प्रवक्ता संतोष निर्मलकर ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य विजयादशमी की परंपरा को उत्साह के साथ मनाना और क्षेत्रवासियों को एक मंच पर जोड़ना है।

Facebook Conversations