गरियाबंद/महासमुंद। सावन के पवित्र महीने में जतमई, घटारानी और राजिम धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली महिला चोर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार से घूमकर धार्मिक स्थलों की रेकी करने वाली नागपुर की 7 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों में महिलाओं के गले से सोने की चेन, कान के गहने और पर्स चोरी करने की वारदात को अंजाम देती थीं।
जतमई धाम में 3 लाख की सोने की चेन चोरी
मामला 9 अगस्त का है। आरंग निवासी नीलम चक्रधर जतमई धाम में दर्शन के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से करीब 2 तोले की सोने की चेन चोरी कर ली गई। चोरी हुई चेन की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद महिला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में संदिग्ध महिलाओं और एक कार की गतिविधियां सामने आईं। कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
महासमुंद के पास नाकेबंदी कर पकड़ा गया गिरोह
CCTV फुटेज और कार नंबर की जानकारी के आधार पर पुलिस ने महासमुंद के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान कार क्रमांक MP 49 SB 2471 को रोककर तलाशी ली गई। कार में 7 संदिग्ध महिलाएं सवार थीं। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान कार से चोरी का सामान भी बरामद किया गया।
नागपुर और आसपास की रहने वाली हैं आरोपी महिलाएं
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रोनक पातनकर उम्र 30 वर्ष, सीमा पात्रे उम्र 40 वर्ष, विद्या उफाड़े उम्र 30 वर्ष, मुस्कान पात्रे उम्र 26 वर्ष, मीना खवड़े उम्र 35 वर्ष, नंदिनी पात्रे उम्र 30 वर्ष और छाया उफाड़े उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। सभी महाराष्ट्र के नागपुर और आसपास के क्षेत्र की रहने वाली बताई गई हैं।
कार से करती थीं मंदिरों की रेकी
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं कार से अलग-अलग धार्मिक स्थलों तक पहुंचती थीं और पहले भीड़ तथा सुरक्षा व्यवस्था की रेकी करती थीं। इसके बाद भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन, कान के गहने और पर्स चोरी करती थीं। सावन के दौरान मंदिरों में बढ़ने वाली भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया जा रहा था।
पुलिस को आशंका है कि यह महिला गैंग किसी बड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़ी हो सकती है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके द्वारा पूर्व में की गई अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मंदिरों में बढ़ाई गई सुरक्षा
महिला चोर गैंग के पकड़े जाने के बाद जतमई धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। श्रद्धालुओं की भीड़ वाले स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि मंदिरों में दर्शन के दौरान अपने मोबाइल, पर्स और सोने के गहनों का विशेष ध्यान रखें।

Facebook Conversations