एमसीबी। धान खरीदी के सीजन में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन की ओर से ऑनलाइन टोकन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं का लाभ किसानों को मिल रहा है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम मेन्ड्रा की महिला किसान संतोषी ने भी धान खरीदी की व्यवस्था को सुविधाजनक बताते हुए शासन की पहल की सराहना की है।
महिला किसान संतोषी अपनी 93.20 क्विंटल धान की उपज लेकर कोड़ा उपार्जन केंद्र पहुंचीं। यहां धान खरीदी की प्रक्रिया और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। संतोषी ने बताया कि पहले धान बेचने के लिए खरीदी केंद्र के चक्कर लगाने और टोकन के लिए इंतजार करने में समय और मेहनत लगती थी, लेकिन अब ऑनलाइन टोकन की सुविधा से यह प्रक्रिया आसान हो गई है।
ऑनलाइन टोकन से घर बैठे मिली सुविधा
संतोषी के अनुसार, अब किसान घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे बार-बार खरीदी केंद्र जाने और लंबी कतारों में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ती। निर्धारित तारीख पर किसान अपनी उपज लेकर सीधे उपार्जन केंद्र पहुंच सकते हैं। इस व्यवस्था से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।
कोड़ा केंद्र में तौल और बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था
महिला किसान ने बताया कि कोड़ा उपार्जन केंद्र में धान की तौल के लिए आवश्यक उपकरण, पर्याप्त बारदाने और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। खरीदी कार्य व्यवस्थित तरीके से संचालित होने के कारण उन्हें अपनी 93.20 क्विंटल धान की उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र में बेहतर व्यवस्था होने से किसानों को अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी पर जताई खुशी
प्रदेश सरकार द्वारा धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किए जाने पर संतोषी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को आर्थिक संबल मिलता है। इससे परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही आने वाले खेती-किसानी के कामों में भी सहायता मिलती है।
महिला किसान संतोषी ने ऑनलाइन टोकन सुविधा, कोड़ा उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं और किसानों के हित में लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की किसान हितैषी पहल से महिला किसानों के लिए भी धान बेचना पहले से आसान हुआ है। सुविधाजनक खरीदी प्रक्रिया और उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को राहत मिल रही है।

Facebook Conversations