रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा ओवरब्रिज के आसपास लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने गहरी चिंता जताई है। हाल ही में स्कूल बस की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत के बाद एसोसिएशन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
एसोसिएशन के अनुसार, विधानसभा ओवरब्रिज क्षेत्र में 15 से अधिक स्कूल और कॉलेज संचालित हैं, जहां प्रतिदिन 15 हजार से ज्यादा विद्यार्थी स्कूल बसों और अन्य वाहनों से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद इस व्यस्त मार्ग पर ट्रैफिक सिग्नल और नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
ज्ञापन में बताया गया है कि सड़क किनारे अवैध ठेले-गुमटियां, अतिक्रमण, झुग्गी-झोपड़ियां और आवारा मवेशी यातायात को प्रभावित कर रहे हैं। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने प्रशासन से विधानसभा ओवरब्रिज पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने, नियमित ट्रैफिक पुलिस तैनात करने, अतिक्रमण हटाने, अवैध ठेलों व झुग्गियों पर कार्रवाई करने तथा आवारा मवेशियों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।

Facebook Conversations