रायपुर ब्लू वाटर में डूबे आदिल का तीसरे दिन भी नहीं मिला शव, SDRF-NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे ब्लू वाटर में बुधवार शाम डूबे युवक आदिल का शव तीसरे दिन शनिवार सुबह तक नहीं मिल सका। लगातार दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन में सफलता नहीं मिलने के बाद शनिवार को एसडीआरएफ ने एक बार फिर तलाशी अभियान शुरू किया। युवक की तलाश में एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर मौजूद है।

जानकारी के अनुसार, आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने गया था। इसी दौरान पानी में तैरने को लेकर दोस्तों के बीच शर्त लगी, जिसके बाद आदिल पानी में उतर गया। बताया जा रहा है कि गहरे पानी में जाने के बाद वह वापस बाहर नहीं आ सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। पानी की अधिक गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार और शुक्रवार को चले अभियान में भी युवक का पता नहीं चल सका।

ब्लू वाटर में पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। ताजा घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। खतरनाक क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा लगाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

फिलहाल, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें युवक की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations