राधा कृष्ण ज्वेलर्स में जानलेवा हमले की कोशिश, CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से 48 घंटे में गिरफ्तारी
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में आभूषण दिखाने के बहाने घुसकर संचालक पर चाकू से हमला करने वाले अज्ञात आरोपी को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी विधि से संघर्षरत बालक है।

घटना 22 सितंबर की रात करीब 7:45 बजे की बताई गई है। पुलिस के अनुसार मास्क पहने आरोपी ज्वेलरी दुकान में पहुंचा और आभूषण दिखाने के लिए कहा। इसी दौरान उसने स्टील के काले मुठ्ठे वाले चाकू से दुकान संचालक रंजन पालित की गर्दन पर वार कर दिया। बचाव के दौरान संचालक के बाएं गाल और दाहिने हाथ में चोट आई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पद्मनाभपुर पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान हुई और पुलिस ने उसे 48 घंटे के भीतर पकड़ लिया।

मामले में थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 0593/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को दें। पुलिस ने अपराधों की सूचना समय पर देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations