राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर 16 दिवसीय “नारायण महामहोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन नारायण धाम, सत्यनारायण धर्मशाला, कामठी लाइन में सत्यनारायण मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित होगा। प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से रात्रि 7:30 बजे तक चलने वाले इस महोत्सव में भजन, कथा, धार्मिक अनुष्ठान, झांकियां और विशेष पूजा-अर्चना के माध्यम से भक्तों को भक्ति रस में डुबोने की तैयारी की गई है। आयोजन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और समिति द्वारा इसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि की विशेष आराधना और पुण्य अर्जन का श्रेष्ठ अवसर माना जाता है। इसी उद्देश्य से लगातार छठवीं बार इस विशाल धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। समिति के उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, सचिव सौरभ खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल एवं सहसचिव रामावतार जोशी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 1 जून सोमवार को शंखध्वनि, घंटानाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा। प्रथम दिवस सुंदरकांड पाठ, महासर माता पाठ और अन्य धार्मिक आयोजनों के साथ भक्तिमय वातावरण निर्मित किया जाएगा।
महामहोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान सत्यनारायण की आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां सजाई जाएंगी, जिनके दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर होंगे। उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया, श्याम खंडेलवाल, राजेश अग्रवाल (बालाजी) और विजय खंडेलवाल ने बताया कि आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रसिद्ध भजन गायक और कथा वाचक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें अर्चना एवं नेहा वैष्णव, अभिजीत जोशी, पंडित अर्पित भाई शर्मा, इस्कॉन भजन मंडली रायपुर, रूपेश टांक, योगेश अग्रवाल, आकाश एवं शुभम शर्मा, राधा अग्रवाल, बाल व्यास हार्दिक व्यास, निखिल श्याम शर्मा, राधिका शर्मा एवं वैष्णवी रंगारी जैसे कलाकार शामिल होंगे। भजन संध्या और कथा प्रवचनों के माध्यम से पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाया जाएगा।
महामहोत्सव का प्रमुख आकर्षण आयोजित होने वाला “नारायण हरि रसोत्सव” रहेगा, जिसमें कानपुर उत्तरप्रदेश के प्रसिद्ध भजन गायक शिवम वर्मा अपनी भक्ति संगीत की प्रस्तुति देंगे। वहीं महोत्सव के 15वें दिवस अमावस्या पर 21 हजार दीपों से भव्य देव दीपावली सजाई जाएगी। यह दीपोत्सव दिल्ली दरवाजा से सत्यनारायण मंदिर तक आयोजित होगा, जहां दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठेगा। अंतिम दिवस विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना के साथ सत्यनारायण कथा, हवन, यज्ञ और पूर्णाहुति कार्यक्रम संपन्न होंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
महामहोत्सव को सफल बनाने में महिला मंडलों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी। दीपा शर्मा, भावना अग्रवाल, अलका खंडेलवाल, सुषमा राठी, साधना तिवारी, रंजना शर्मा सहित कई महिलाएं सेवाभाव से आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटी हुई हैं। भवन व्यवस्था प्रभारी नीतीश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल एवं ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्यों ने शहर और आसपास के धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भक्ति रसधारा में सहभागी बनने की अपील की है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी देगा।

Facebook Conversations