राजनांदगांव, में मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिसमें जिला अस्पताल परिसर भी पानी में डूब गया। अस्पताल के मुख्य प्रवेश मार्ग, पार्किंग और आसपास के हिस्सों में पानी भरने से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान शहर की कई नालियां और बड़े नाले जाम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी। नतीजतन सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और कई निचले इलाकों में पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया। जिला अस्पताल में भी जलभराव के कारण आने-जाने में दिक्कत हुई, जिससे मरीजों को इलाज के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश से पहले नालियों और नालों की पर्याप्त सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण पहली ही बारिश में शहर की व्यवस्था चरमरा गई। लोगों ने नगर निगम से नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी जिले में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए नगर निगम की तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Facebook Conversations