मां-छोटे भाई ने मिलकर बड़े बेटे को उतारा मौत के घाट, हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

एक दिल दहला देने वाले मामले में मां और छोटे भाई पर अपने ही बड़े बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों ने पहले युवक का गला घोंटा, फिर उसे कीटनाशक पिलाया और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में घर आकर मां व परिवार के अन्य सदस्यों से अक्सर विवाद करता था। घटना वाले दिन भी शराब को लेकर घर में कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मां और छोटे भाई ने कथित रूप से उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने सबूत मिटाने और मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। शव को फंदे से लटकाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों से मामले का खुलासा हो गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मां और छोटे भाई को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद और शराब की लत इस जघन्य वारदात की मुख्य वजह बनकर सामने आई है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations