कुम्हारी में 6.350 किलो गांजा जब्त, बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। कुम्हारी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अटल आवास स्थित एक मकान में दबिश देकर गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.350 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 98 हजार 975 रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को सूचना मिली थी कि अटल आवास, कुम्हारी स्थित मकान नंबर 320 में एक व्यक्ति गांजा रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान 30 वर्षीय प्रेम कुमार साहू, निवासी लक्ष्मी नगर, सुपेला को पकड़ा गया। तलाशी में उसके कब्जे से 6.350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी किराये के मकान में गांजा रखकर उसकी अवैध बिक्री की तैयारी कर रहा था।

मामले में थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 293/2026 दर्ज कर धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि पारस सिंह ठाकुर, सउनि वीरेंद्र सिंह ठाकुर, परि. उनि गंगासागर पात्र सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या सेवन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations