कोरोना व टीबी रोग के संक्रमण की कड़ी तोड़ने के लिए आश्वासन अभियान शुरू
त्वरित ख़बरें - रिपोर्टिंग निशा बिस्वास मार्केटिंग हेड -100 दिन 100 जिलों में किए जाएंगे विविध प्रेरक आयोजन,

राजनांदगांव, 9 फरवरी 2022.

कोरोना व टीबी रोग के संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी प्रयासों के क्रम में जिले में ‘आश्वासन’ अभियान की शुरुआत की गई है। ‘आश्वासन’अभियान के अंतर्गत 100 दिन 100 जिलों में कोविड एवं टीबी के संक्रमण की कड़ी तोड़ने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान की शुरुआत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में राजनांदगांव महापौर हेमा देशमुख और सीएमएचओ डॉ.मिथिलेश चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर की।

‘आश्वासन’अभियान के तहत पिरामल स्वास्थ्य संस्था द्वारा राजनांदगांव जिले के 5 आदिवासी बाहुल्य विकासखंड क्षेत्र डोंगरगढ़, अंबागढ़-चौकी, छुरिया, मोहला और मानपुर में प्रचार प्रसार वाहनों के माध्यम से कोविड के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि लोगों में विशेषकर कोविड वैक्सीन के प्रति गलत धारणाओं, भ्रांतियों एवं झिझक को दूर किया जा सके तथा आमजन को कोविड अनुकूल व्यवहार को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इसी तरह गांव स्तर पर सक्रिय खोज अभियान के माध्यम से लक्षणों के आधार पर टीबी के संभावित मरीजों की बलगम की जांच करवाई जाएगी। रोग की पुष्टि होने की स्थिति में सरकार द्वारा निर्धारित टीबी रोग का निशुल्क उपचार प्रदान किया जाएगा ताकि टीबी जैसे संक्रामक रोग को फैलने से रोका जा सके। कार्यक्रम अवसर पर राज्य अधिकारी फैज़ल रज़ा ने बताया, “आश्वासन अभियान का एक प्रेरक पहलू यह है कि लोगों को जांच के लिए शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी बल्कि उनके घरों से ही जांच के लिए खंखार परीक्षण के लिए परिवहन किया जाएगा। सामुदायिक से सहभगिता के पहलू को दृष्टिगत रखते हुए अभियान के दौरान ग्राम पंचायत के सदस्यों, प्रभावशाली लोगों व परम्परागत वैद्यों की भी सहायता ली जाएगी ताकि गांव को टीबी मुक्त किया जा सके। यूएसएड द्वारा वित्तपोषित परियोजना को पिरामल स्वास्थ्य संस्था द्वारा जिले में सम्बंधित बिभाग की सहायता से क्रियान्वित किया जाएगा”।

पिरामल स्वास्थ्य के राज्य प्रतिनिधि पवन कुमार दुबे ने कहा, “यह अभियान 100 दिन तक 100 जिलों में चलाया जाएगा जिससे 3 लाख लोगों के बीच जागरूकता लाने का प्रयास किया जाएगा। यह अभियान राजनांदगांव जिले के जनजातीय बाहुल्य 5 विकासखंडों में चलाया जाएगा”। ‘आश्वासन’अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में महापौर हेमा देशमुख ने हरसंभव सहयोग देने की बात कही है। वहीं सीएमएचओ डॉ.मिथिलेश चौधरी ने कहा,“वर्तमान वातावरण में कोविड एवं टीबी के संक्रमण की कड़ी को तोड़ना बेहद आवश्यक है। जिले के क्षेत्रों में भी आप सभी लोग समुदाय में अभियान के दौरान कोरोना अनुरूप व्यवहार का पालन कराएं। आशा है कि जन स्वास्थ्य की दिशा में आश्वासन अभियान के माध्यम से भी लोगों को बड़ी राहत प्रदान की जा सकेगी”।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर पिरामल स्वास्थ्य के राज्य प्रतिनिधि पवन कुमार दुबे, हेमन्त कुमार वर्मा (आकांक्षी जिला प्रतिनिधि),अबसारूल हक़ (जिला टीबी  समन्यवयक), राजेश शुक्ला (जिला ट्रायबल समन्वयक), डॉ. बीएल तुलावी (डीआईओ), गिरीश कुर्रे (डीपीएम), अनामिका विश्वास (यूपीएम), प्रेरणा सहगल, भूषण साहू (डीपीसी)व विकास राठौर (एनसीडी) के साथ कम्युनिटी मोबिलाइजर और पैरामेडिक्स मौजूद रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations