कोरबा में मासूम की दर्दनाक मौत, खेलते वक्त गले में फंसा गमछा...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते-खेलते 10 वर्षीय मासूम रोमा राज की गले में गमछा फंसने से दम घुटने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेलते-खेलते हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रोमा राज मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में निवास करता है। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी। इसी दौरान उसने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने का प्रयास किया।

परिजनों ने बताया कि रोमा पहले भी छोटे भाई को हंसाने के लिए इसी तरह गमछे में सिर फंसाकर मजाक किया करती थी, लेकिन इस बार गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

जब तक परिजनों को घटना की जानकारी हुई और वे उसे बचाने पहुंचे, तब तक बच्ची की हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटनावश हुई घटना माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

परिवार में पसरा मातम

मासूम रोमा की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले में भी इस दर्दनाक घटना के बाद शोक का माहौल है। इस हादसे ने एक बार फिर बच्चों के खेल के दौरान अभिभावकों की सतर्कता और निगरानी की आवश्यकता को उजागर किया है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations