कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोण्डागांव थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम केंवटी के जंगल में जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 7,100 रुपये नगद, 52 ताश के पत्ते, 5 मोबाइल फोन और 6 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 1 हजार 100 रुपये बताई गई है।
सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम केंवटी के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने मौके से सातों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम पटेल (33), विष्णु दास सोनी (27), महेश मरकाम (27), मंगतराम कोर्राम (26), अर्जुन बघेल (26), विकास ठाकुर (36) और कमलेश सोनी (28) के रूप में की है। सभी आरोपी कोण्डागांव जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत थाना कोण्डागांव में मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश और मार्गदर्शन में थाना कोण्डागांव तथा साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Facebook Conversations