16 जून 2022
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन अब उग्र हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने छपरा और कैमूर में पैसेंजर ट्रेन में आग लगा दी। छपरा जंक्शन पर करीब 12 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। छपरा में ही 3 ट्रेनों को फूंकने की खबर है। पूरे स्टेशन अफरातफरी का माहौल है।
आक्रोशित युवा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन के कारण रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। आरा में पुलिस को उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
गुरुवार को जहानाबाद, बक्सर और नवादा में ट्रेन रोकी गई। छपरा और मुंगेर में सड़क पर आगजनी के बाद जमकर प्रदर्शन हो रहा है। इन लोगों का कहना है कि सरकार अपना फैसला वापस ले। इसे लेकर बिहार के कई जिलों में प्रदर्शन हो रहा है।
वारिसलीगंज की विधायक अरुणा देवी पर नवादा में प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया। हमले के दौरान विधायक गाड़ी में ही मौजूद थीं। वो बाल-बाल बच गईं। दैनिक भास्कर से बात करते हुए उन्होंने बताया कि वो अपने क्षेत्र की जन समस्या को लेकर नवादा आ रही थी। उसी ये हमला हुआ। अचानक से 15 से 20 के संख्या में युवक पहुंचे और गाड़ी पर हमला कर दिया।
जहानाबाद में ट्रेन रोकी, ट्रैक पर बैठे
जहानाबाद में छात्रों ने पटना-गया रेलखंड को निशाना बनाते हुए पटना-गया मेमू सवारी गाड़ी को जहानाबाद स्टेशन के पास रोककर विरोध-प्रदर्शन किया। वहीं ट्रेन रोके जाने की सूचना के बाद रेल पुलिस मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाने में जुटी हुई है।
दूसरी तरफ छात्रों ने शहर के स्टेशन इलाके के काको मोड़ के पास सड़क पर आगजनी कर सड़क भी जाम कर दिया है।

जहानाबाद में छात्रों ने पटना-गया रेलखंड को निशाना बनाते हुए पटना-गया मेमू सवारी गाड़ी को जहानाबाद स्टेशन के पास रोक कर विरोध प्रदर्शन किया।
बक्सर में भी मचा बवाल
बक्सर में भी सेना बहाली में TOD (टूर ऑफ ड्यूटी) हटाने को लेकर दूसरे दिन प्रदर्शन हुआ। विरोध प्रदर्शन करते हुए भारी संख्या में युवक किला मैदान की सड़कों पर निकले पड़े। इस दौरान आक्रोशित अभ्यर्थियों ने जमकर नारेबाजी की ।
वहीं प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने तुंरत संभाला मोर्चा। फिलहाल सभी प्रदर्शनकारी किला मैदान से स्टेशन रोड की तरफ बढ़ रहे हैं। इधर, रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस मोर्चा संभाले हुए है।

बक्सर में भी सेना बहाली में TOD हटाने को लेकर दूसरे दिन प्रदर्शन हुआ।
नवादा में आगजनी के बाद सड़क जाम
नवादा के प्रजातंत्र चौक और रेलवे स्टेशन के पास प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क जाम कर जमकर नारेबाजी की गई। इसके बाद कुछ आक्रोशित छात्रों ने नवादा स्टेशन पर पहुंचकर वहां ट्रैक पर लगे नट बोल्ट को भी खोल दिया है। प्रदर्शनकारियों की तरफ से जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है।

नवादा में सैकड़ों युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रजातंत्र चौक पर जमकर हंगामा किया।
सीवान में प्रदर्शन में शामिल हुए सैकड़ों अभ्यर्थी
सीवान में भी अग्निपथ योजना को लेकर सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थियों का आक्रोश प्रदर्शन देखने को मिला। यहां भी युवाओं ने जेपी चौक, स्टेशन मोड़ और रेलवे ट्रैक को जाम कर जमकर विरोध किया। वहीं इस दौरान कई अभ्यर्थी हाथ में बांस का बल्ला लेकर और जगह-जगह आगजनी करते भी दिखे।

सीवान में युवाओं ने जेपी चौक, स्टेशन मोड़ और रेलवे ट्रैक को जाम कर जमकर विरोध किया।
छपरा में युवाओं ने सड़क जाम करते हुए आगजनी की
छपरा के दूधईला मोड़ के समीप युवाओं ने सड़क जाम करते हुए आगजनी की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अग्निपथ योजना का जमकर विरोध किया। छपरा के मशरख में भी युवाओं ने सरकार के स्कीम के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने छपरा थावे रेल लाइन पर हंगामा करते हुए ट्रेन को रोक दिया। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने मीडिया को भी कवरेज करने से रोका।

छपरा के मशरख में भी युवाओं ने सरकार के स्कीम के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया।

Facebook Conversations