कांकेर। जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत मरकाटोला–लारगांव क्षेत्र में भालू के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जंगल से लगे क्षेत्र में पिछले कुछ समय से एक भालू की मौजूदगी देखी जा रही थी। ग्रामीणों ने भालू का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था और इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि स्कूल के पास स्थित जंगल क्षेत्र में एक मृत भालू के आसपास मादा भालू घूम रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि इसकी जानकारी पहले ही संबंधित विभाग को दे दी गई थी, लेकिन समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
भालू के हमले में गई दो ग्रामीणों की जान
इसी दौरान मादा भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके का निरीक्षण किया। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और जंगल की ओर जाने से बचने की अपील की जा रही है।
गांव में बढ़ाई गई निगरानी
वन विभाग ने मादा भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। गांव के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो।
वहीं, ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले से सूचना मिलने के बावजूद प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Facebook Conversations