कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के रिहायशी इलाकों में भालुओं की लगातार बढ़ती आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल है। खाने की तलाश में भालू अब आबादी वाले क्षेत्रों और घरों तक पहुंच रहे हैं। गोविंदपुर क्षेत्र में एक भालू रात के समय घर के किचन में घुस गया, जबकि सरंगपाल स्थित रामेश्वरम कॉलोनी में दो भालुओं ने कई घरों में घुसने की कोशिश की।
किचन में घुसा भालू, परिवार ने कमरे में बंद होकर बचाई जान
गोविंदपुर में रात के समय परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान किचन से बर्तनों और सामान के गिरने-खिसकने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग सतर्क हुए और जब उन्होंने किचन की ओर जाकर देखा तो अंदर भालू मौजूद था।
परिवार के सदस्यों को देखते ही भालू उनकी ओर झपटा। इससे घबराए लोगों ने तुरंत अपने कमरे के दरवाजे बंद कर खुद को सुरक्षित किया। कुछ देर बाद भालू खुद ही वहां से निकलकर चला गया। इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
रामेश्वरम कॉलोनी में दो भालुओं ने मचाया हड़कंप
इधर, सरंगपाल स्थित रामेश्वरम कॉलोनी में रात करीब 2 बजे दो भालू रिहायशी इलाके में पहुंच गए। दोनों भालू कई घरों में घुसने का प्रयास करते रहे। बताया जा रहा है कि भालुओं ने कुछ घरों के दरवाजे तोड़ने की भी कोशिश की।
भालुओं की गतिविधि की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क किया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
वन विभाग की टीम ने भालुओं को खदेड़ा
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कॉलोनीवासियों की मदद से दोनों भालुओं को रिहायशी क्षेत्र से दूर खदेड़ा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
रिहायशी इलाकों में लगातार भालुओं की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और भालुओं की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

Facebook Conversations