गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अस्पताल में आयुष्मान योजना के काम में लापरवाही, कलेक्टर ने दो ऑपरेटरों को बर्खास्त करने के दिए निर्देश...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने दो आयुष्मान ऑपरेटरों अजय कुमार राठौर और अक्षय गुप्ता को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई थी। कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं और आयुष्मान योजना के कामकाज की समीक्षा की गई। इस दौरान IPD (अस्पताल में भर्ती मरीजों) की संख्या और आयुष्मान योजना के तहत लाभान्वित मरीजों के आंकड़ों का मिलान किया गया। समीक्षा में दोनों आंकड़ों के बीच भारी अंतर सामने आया। वहीं, योजना के तहत क्लेम प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी काफी धीमी पाई गई।

काम में मिली इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत दोनों आयुष्मान ऑपरेटरों के खिलाफ नियमानुसार बर्खास्तगी की कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

पात्र मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने पर जोर

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार से जुड़े सभी दस्तावेज व्यवस्थित रखे जाएं और आयुष्मान योजना के क्लेम निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत किए जाएं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मरीज को जानकारी के अभाव या कागजी प्रक्रिया में देरी के कारण आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को योजना के कामकाज में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations