15 जून 2022
एक्टर सिद्धांत कपूर को रेव पार्टी से हिरासत में लिया गया है। बैंगलोर के क्लब में डीजे बनकर पहुंचे सिद्धांत ने भी ड्रग का सेवन किया था, जो नार्कोटिक टेस्ट से साबित हो चुका है। सफाई में सिद्धांत ने कहा है कि किसी ने बिना बताए उनकी ड्रिंक में नशीले पदार्थ मिला दिए थे। फिलहाल सिद्धांत को बेल पर छोड़ दिया गया है। ये पहली बार नहीं है जब इस परिवार का कोई सदस्य ड्रग केस में फंसा है या विवादों में है। इससे पहले शक्ति कपूर, श्रद्धा कपूर भी कई अलग-अलग कारणों से विवादों में घिर चुके हैं-
शक्ति कपूर पर हुआ था स्टिंग ऑपरेशन
साल 2005 में एक टीवी चैनल ने शक्ति कपूर पर स्टिंग ऑपरेशन किया था।। इनका स्टिंग ऑपरेशन काफी वायरल हुआ था। वीडियो में शक्ति कपूर महिला से सेक्सुअल फेवर मांगते नजर आ रहे थे। शक्ति महिला से कह रह थे कि अगर उन्हें काम चाहिए तो बदले में उन्हें फिजिकल रिलेशन बनाने होंगे। कास्टिंग काउच कर रहे शक्ति खूब विवादों में रहे थे। स्टिंग ऑपरेशन के दौरान शक्ति ने डायरेक्टर सुभाष घई का नाम भी लिया था, जिसके चलते कई डायरेक्टर्स ने उन्हें काम देने से इनकार कर दिया था।
श्रद्धा कपूर पर हुआ था धोखाधड़ी का केस
फिल्म हसीना पारकर में श्रद्धा कपूर ने दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना का रोल निभाया था। फिल्म में श्रद्धा के कपड़ों के लिए एक कंपनी हायर की गई थी, लेकिन जब फिल्म रिलीज हुई तो फिल्म में ना ही ब्रांड को क्रेडिट दिया गया और ना ही प्रमोशन किया गया। कपड़ों की कंपनी ने श्रद्धा कपूर और प्रोड्यूसर्स के खिलाफ केस दर्ज करवाया था।
ड्रग केस में श्रद्धा कपूर थीं सवालों के घेरे में
श्रद्धा कपूर ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ छिछोरे फिल्म में काम किया था। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान श्रद्धा और सुशांत के लिंकअप की खबरें भी आई थीं, हालांकि ये महज अफवाहें थीं। सुशांत की मौत के बाद जब केस में ड्रग एंगल निकला तो नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने श्रद्धा को भी सवालों के घेरे में लिया था। दरअसल श्रद्धा कपूर और सुशांत की टैलेंट मैनेजर की एक चैट सामने आई थी, जिसमें एक्ट्रेस सुशांत की मैनेजर से सीबीडी ऑयल मांग रही थीं। ये ऑइल एक तरह का ड्रग होता है। श्रद्धा से कई घंटों तक एनसीबी ने पूछताछ की थी। सफाई में ये कहा गया था कि सीबीडी ऑयल लीगल है।
श्रद्धा कपूर पर लग चुका है बैन
साल 2014 में मीडिया ने श्रद्धा कपूर को बैन कर दिया था। श्रद्धा कई इवेंट में जानबूझ कर चेहरा छिपाते हुए पहुंचती थीं, जिससे उनका कवरेज नहीं हो पाता था। एयरपोर्ट में एक बार तस्वीर लेने पर श्रद्धा ने फोटोग्राफर को चिल्ला दिया था। उनके इस रवैये से नाराज होकर पूरे मीडिया ने उनसे जुड़ी खबरों और उनकी तस्वीरों को इस्तेमाल करने के इनकार कर दिया था।
रेव पार्टी में मिले थे सिद्धांत कपूर
इससे पहले भी सिद्धांत कपूर को साल 2013 में हुई रेव पार्टी से पकड़ा गया था। उस पार्टी में भी सिद्धांत बतौर डीजे पहुंचे थे। पार्टी में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ मिले थे, लेकिन नार्कोटिक टेस्ट के बाद सिद्धांत को क्लीन चिट मिल गई थी।
बिग बॉस में लगे शक्ति पर अश्लीलता करने के आरोप
शक्ति कपूर ने रियलिटी शो बिग बॉस में हिस्सा लिया था। शो में उन पर मिस अफगानिस्तान की विदा समदजई से अश्लीलता करने का आरोप लगाया गया था। शक्ति ने विदा को गलत तरीके से छुआ था, जिसका एक वीडियो भी सामने आया था। इस मामले में होस्ट सलमान खान ने कहा था कि बिग बॉस ने शक्ति कपूर जैसे लोगों को घर बुलाया है, हम तो कभी नहीं बुलाते।

Facebook Conversations