भिलाई, 21 अगस्त 2026। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाजसेवा प्रभाग द्वारा पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर 21 से 25 अगस्त तक पांच दिवसीय रक्तदान महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत भारत और नेपाल में एक लाख यूनिट से अधिक रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अभियान के अंतर्गत देशभर में ब्रह्माकुमारीज के छह हजार से अधिक सेवा केंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में भिलाई के सेक्टर-7 स्थित मुख्य सेवा केंद्र राजयोग भवन, सड़क नंबर-2 में रविवार 23 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से रक्तदान शिविर आयोजित होगा।
ब्रह्माकुमारीज भिलाई सेवाकेंद्रों की निदेशिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने शहरवासियों से वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और इसके जरिए जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में योगदान दिया जा सकता है।
रक्तदान से पहले होगा आध्यात्मिक चिंतन
आयोजकों के अनुसार, रक्तदान से पहले प्रतिभागियों को करीब 5 मिनट का आध्यात्मिक चिंतन एवं मेडिटेशन कराया जाएगा। इसके माध्यम से परमात्म स्मृति और सकारात्मक विचारों का अनुभव कराया जाएगा। इसके बाद प्रतिभागी रक्तदान करेंगे।
अभियान का संदेश है—“रक्तदान केवल जीवन बचाना ही नहीं, बल्कि जीवन को आशीर्वाद देना है।” आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के साथ लोगों में सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना भी है।
दुर्घटना, प्रसूति और गंभीर बीमारियों में रक्त की जरूरत
आयोजकों ने बताया कि दुर्घटनाओं, प्रसूति, थैलेसीमिया, कैंसर, बड़ी सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
रक्तदान के इच्छुक लोग गूगल फॉर्म, क्यूआर कोड या अपने नजदीकी ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र से संपर्क कर अभियान में शामिल हो सकते हैं।
ब्रह्माकुमारीज के समाजसेवा प्रभाग के अनुसार, वर्ष 2025 में भी भारत और नेपाल में रक्तदान अभियान आयोजित किया गया था, जिसमें 88,378 यूनिट रक्त एकत्र किया गया था। इस वर्ष एक लाख यूनिट से अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।

Facebook Conversations