बेमेतरा - खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में बेमेतरा जिले के उपार्जन केंद्र इन दिनों रौनक से भरे नजर आ रहे हैं। सुबह होते ही धान से लदी गाड़ियाँ जब केंद्रों की ओर बढ़ती हैं, तो खेतों की खुशबू और किसानों के चेहरों पर भरोसा—दोनों मिलकर एक अनोखा माहौल बना देते हैं। 15 नवंबर से आरम्भ हुई धान खरीदी ने जिले के किसानों में नई ऊर्जा जगाई है। सुव्यवस्थित व्यवस्था, ऑनलाइन टोकन की सुविधा और समर्थन मूल्य पर पारदर्शी खरीदी ने किसानों को राहत और आत्मविश्वास दिया है।इस वर्ष कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य मिलने से किसानों की खुशी और बढ़ गई है। मेहनत की फसल जब उचित दाम में बदलती है, तो किसान का मन भी उतना ही भर जाता है। इसी तरह का अनुभव ग्राम टकसिवा के किसान प्रेमलाल वर्मा का रहा। उन्होंने आज 123 क्विंटल धान का विक्रय किया और उनके चेहरे पर संतोष और विश्वास दोनों साफ दिखाई दे रहे थे।वर्मा बताते हैं कि खेती आसान नहीं, लेकिन जब प्रशासन और सरकार की नीतियाँ साथ दें, तो कठिनाइयाँ भी कम महसूस होती हैं। पिछले वर्षों में मिले समय पर भुगतान और बेहतर प्रबंधन ने उन्हें खेती में मजबूती के साथ कार्य करने का अवसर दिया है। सहकारी समिति से समय पर खाद-बीज मिलने और सिंचाई की व्यवस्थित व्यवस्था ने उनके कृषि कार्यों को और सुचारू बनाया है।वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि इस बार खरीदी प्रक्रिया बेहद सरल, पारदर्शी और किसान हित में है। किसान बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच पा रहे हैं।उपार्जन केंद्रों में इस वर्ष कई सुधार देखने को मिले हैं। सटीक तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक मशीनें, पर्याप्त बारदाना, पेयजल और छांव जैसी सुविधाएँ किसानों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं। बायोमैट्रिक सत्यापन और ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप ने भी किसानों को लंबी कतारों से राहत दी है। मोटा, पतला और सरना किस्म के धान की खरीदी जिले के सभी केंद्रों में सुचारू और पारदर्शी ढंग से जारी है। दर सूची भी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की गई है ताकि हर किसान को स्पष्ट जानकारी मिल सके।धान के बोरों की कतारें, खुश किसान और सक्रिय प्रशासन—इन सबके साथ बेमेतरा जिले में इस वर्ष की धान खरीदी केवल आर्थिक गतिविधि न होकर किसानों की उम्मीदों, मेहनत और सुखद अनुभवों से भरी एक सुंदर कहानी बन गई है।
बेमेतरा में धान खरीदी ने बढ़ाया किसानों का हौसला फसल से बाजार तक उम्मीदों और विश्वास की नई यात्रा...
त्वरित ख़बरें - सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

Facebook Conversations