BSP लोहा चोरी मामले में CBI जांच: राज्य सरकार की सहमति के बाद राजपत्र में अधिसूचना जारी
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से कथित लोहा और स्क्रैप चोरी के मामले में अब जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर सकती है। राज्य सरकार की सहमति के बाद इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले को लेकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन लंबे समय से केंद्रीय एजेंसी से जांच की मांग कर रहे थे। 

मामला मई 2026 में सामने आया था, जब दुर्ग पुलिस ने अकलोरडीह और हथखोज स्थित गोदामों में कार्रवाई कर करीब 250 टन BSP का लौह स्क्रैप बरामद किया था। पुलिस जांच में आरोप है कि फ्लू डस्ट की आड़ में प्लांट से लोहे की सामग्री बाहर भेजी जा रही थी। मामले में BSP अधिकारियों समेत कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। सितंबर में पुलिस ने रायपुर पावर एंड स्टील से जुड़े दो डायरेक्टरों को भी गिरफ्तार किया था। 

रिकेश सेन ने विधानसभा में भी इस मामले को उठाते हुए केंद्रीय एजेंसी से व्यापक जांच की मांग की थी। उन्होंने इसे राष्ट्रीय संपत्ति से जुड़ा मामला बताते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की थी। 

अब राज्य सरकार की सहमति और राजपत्र अधिसूचना के बाद CBI जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात कही जा रही है। हालांकि, चोरी की कुल रकम और पूरे नेटवर्क में किस-किस की भूमिका थी, इसका अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations