बांगो डैम 92.48% भरा, खुले 3 गेट; 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, 35 गांवों में अलर्ट...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

कोरबा। लगातार हो रही बारिश के कारण मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। जलभराव की स्थिति को देखते हुए जलाशय के 3 गेट खोल दिए गए हैं, जिनसे करीब 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी के तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने डाउनस्ट्रीम इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, मिनीमाता बांगो जलाशय 92.48 प्रतिशत भर चुका है। बांध में बढ़ते जलस्तर और दबाव को देखते हुए तीन गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है। इसके साथ ही नदी किनारे स्थित 35 गांवों में मुनादी कराई गई है और ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा अपनी संपत्ति एवं जरूरी सामान सुरक्षित करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने आमजन से सावधानी बरतने और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं कार्यपालन अभियंता की ओर से सर्वसाधारण, खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न संस्थानों को भी सूचना जारी कर आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

इस बीच स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बांगो डैम को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रोशनी से जगमगाता जलाशय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हालांकि, जलस्तर बढ़ने और गेट खोले जाने के चलते प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल सुरक्षा और डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखना है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations